सेब का सिरका ऐसी चीज है, जिसका इस्तेमाल अधिकतर घरों में किया जाता है। इसमें कई तरह के पोषक तत्व मौजूद होते हैं, जिस कारण यह बहुत-से लोगों की पसंद बना हुआ है। इसे आप सेहत के साथ-साथ बालों और त्वचा के लिए भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इसे इस्तेमाल करना जितना आसान है, उतनी ही आसानी से यह बाजार में आपको मिल भी जाएगा।
स्टाइलक्रेज के इस लेख में हम सेब के सिरके के फायदे बताएंगे। साथ ही इसके उपयोग भी नजर डालेंगे। जानेंगे कि सेब के सिरके का किस-किस तरह से इस्तेमाल किया जा सकता है।
सेब के सिरके के फायदे – Benefits of Apple Cider Vinegar in Hindi
सेब के सिरके के फायदे जानने के लिए पहले हम सेहत के लिए इसके फायदे जानेंगे। आइए, जानते हैं कि सेब का सिरका किस तरह सेहत के लिए चमत्कारी होता है :
सेहत के लिए सेब के सिरके के फायदे – Health Benefits of Apple Cider Vinegar in Hindi
1. डायबिटीज और ब्लड शुगर
आज के समय में डायबिटीज की बीमारी कई लोगों को हो रही है। ऐसे में सेब का सिरका डायबिटीज से बचने के लिए मदद कर सकता है। कई अध्ययनों में यह बात सामने आई है कि सेब के सिरके में मौजूद एंटी ग्लाइसेमिक गुण ब्लड शुगर को नियंत्रित करने में मदद करते हैं (1)।
2. पाचन
सेब का सिरका आपके पाचन के लिए भी काफी फायदेमंद होता है। यह पेट के अच्छे बैक्टीरिया को विकसित करने में मदद करता है। सेब के सिरके की प्रवृति अम्लीय होती है, जो आपके पाचन को ठीक रखने में मदद करती है।
3. वजन कम करे
सेब का सिरका वजन कम करने में भी मदद करता है। इसमें रक्त शर्करा कम करने के गुण होते हैं, जिससे वजन तेजी से नहीं बढ़ता। इसके अलावा, इसमें मौजूद एसिडिक एसिड भूख को कम करने में मदद करता है, जिससे मोटापा नहीं बढ़ता। एक स्टडी के जरिए सामने आया है कि कुछ लोगों ने रोजाना एक से दो चम्मच सेब के सिरके का सेवन किया। जब तीन महीने बाद जांच की गई, तो उनका वजन कम पाया गया (2)।
4. कोलेस्ट्रॉल के लिए
सेब का सिरका कोलेस्ट्रॉल को कम करने में भी मदद कता है। इसमें पेक्टिन होता है, जो शरीर के अंदर से खराब कोलेस्ट्रॉल को कम करता है (3)। एक स्टडी के जरिए भी इस बात की पुष्टि की गई है।
5. दिल के लिए
सेब का सिरका दिल के स्वास्थ्य के लिए भी फायदेमंद होता है। जैसा कि हमने ऊपर बताया, यह कोलेस्ट्रॉल स्तर को ठीक रखता है। इसलिए, कोलेस्ट्रॉल ठीक रहने से हृदय का स्वास्थ्य भी बना रहता है (4)।
6. साइनस, कोल्ड और कफ
अगर आपको साइनस या सर्दी-खांसी की समस्या है, तो सेब का सिरका फायदेमंद हो सकता है। सेब के सिरके में एंटी-फंगल और एंटी-बैक्टीरियल गुण होते हैं, जो साइनस में फायदेमंद होते हैं (5)। इसके अलावा, यह सर्दी और खांसी में भी फायदेमंद होता है (6)।
7. इम्यूनिटी बढ़ाए
अगर किसी की रोग-प्रतिरोधक क्षमता कमजोर है, तो सेब का सिरका उसके लिए फायदेमंद हो सकता है। इसमें विटामिन-सी पाया जाता है, जो इम्यून सिस्टम को दुरुस्त रखने में मदद करता है (7) (8)।
8. गले में खराश
सेब के सिरके में मौजूद एंटीबैक्टीरियल गुण इन्फेक्शन को दूर कर गले में होने वाली खराश से राहत दिलाने में मदद करते हैं। अगर आपको गले में खराश की समस्या है, तो एक कप गुनगुने पानी में दो चम्मच सेब का सिरका डालें और थोड़ी-थोड़ी देर में इसे पीते रहें।
9. रक्तचाप
सेब का सिरका रक्तचाप को कम करने में मदद करता है। इसमें मौजूद पोटैशियम बढ़े हुए रक्तचाप को कम करने का काम करता है (9)।
10. डिटॉक्सीफाई
सेब का सिरका आपके शरीर से विषैले पदार्थ बाहर कर शरीर को डिटॉक्स करने का भी काम करता है। सेब के सिरके में एंटीऑक्सीडेंट तत्व पाए जाते हैं, जो आपके शरीर को डिटॉक्स करने में मदद करते हैं।
11. पीएच स्तर संतुलित करे
सेब का सिरका आपका पीएच स्तर संतुलित रखने में भी मदद करता है। सेब का सिरका एसिडिक होता है, इसलिए आपके शरीर में पीएच स्तर को संतुलित रखता है। यह उन बैक्टीरिया को मारने में मदद करता है, जो पीएच को असंतुलित करते हैं।
12. मुंह के लिए
मुंह के स्वास्थ्य के लिए भी सेब के सिरके यानी एप्पल साइडर विनेगर के कई लाभ हैं। अगर आपको मुंंह से दुर्गंध आती है, तो यह आपको फायदा पहुंचा सकता है। इसमें सोडियम, पोटैशियम, मैग्नीशियम, कॉपर, सल्फर और कैल्शियम होता है, जो मुंह के स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद होता है। जैसा कि हमने बताया एप्पल साइडर विनेगर पाचन को दुरुस्त करता है। अगर आपका पेट खराब हो, तो मुंह से बदबू आने लगती है। ऐसे में सेब का सिरका पेट ठीक रखता है, जिससे मुंह की बदबू की समस्या दूर होती है। यही नहीं, अगर आपके दांत पीले हैं, तो भी सेब का सिरका फायदेमंद हो सकता है।
13. एंटीऑक्सीडेंट
सेब का सिरका कुछ बायोएक्टिव यौगिकों जैसे कि एसिटिक एसिड, कैटेचिन, गैलिक एसिड व कैफिक एसिड आदि से भरपूर होता है। ये सारे तत्व इसे शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट गुण प्रदान करते हैं (10)।
14. पोषक तत्वों का अवशोषण
सेब का सिरका भोजन को पचाने और उनमें मौजूद पोषक तत्वों को शरीर में अवशोषित करने में मदद करता है। वैज्ञानिक तौर पर कहा जाए, तो सेब के सिरके में पेक्टिन होता है (11), जो पाचन तंत्र से विषैले पदार्थों को अवशोषित कर शरीर से बाहर निकालने में सहायता करता है। इसके अलावा, सेब का सिरका मेटाबॉलिज्म को भी मजबूत करता है, जिससे शरीर में पोषक तत्व अवशोषित होते हैं।
15. जोड़ों में दर्द और मांसपेशियों के लिए
अगर आपको जोड़ों में दर्द की समस्या है, तो सेब का सिरका फायदेमंद हो सकता है। इसमें एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं, जो इस दर्द में राहत पहुंचाने का काम करते हैं (12)। इसके अलावा, इसमें ऐसेटाइलकोलिन गुण होते हैं, जो मांसपेशियों को ठीक से काम करने में मदद करते हैं।
16. योनि संक्रमण
अगर किसी को योनी संक्रमण की समस्या है, तो सेब का सिरका फायदेमंद हो सकता है। इसमें एंटीफंगल गुण होते हैं, जो योनी संक्रमण से राहत दिलाने में मदद करते हैं (13)।
त्वचा के लिए सेब के सिरके के फायदे – Skin Benefits of Apple Cider Vinegar in Hindi
सेब का सिरका जितना स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद है, उतना ही यह त्वचा के लिए भी फायदेमंद है। इसलिए, नीचे हम त्वचा के लिए सेब के सिरके के फायदे बता रहे हैं :
1. मुंहासों के लिए
अगर आपके चेहरे पर मुंहासे हैं, तो एप्पल साइडर विनेगर इनसे राहत पहुंचाने में मदद कर सकता है। इसमें एंटी-बैक्टीरियल गुण होते हैं (14), जो मुंहासे पैदा करने वाले कीटाणुओं को हटाते हैं और त्वचा से अतिरिक्त तेल दूर करने में भी मदद करते हैं। अतिरिक्त तेल के कारण भी चेहरे पर मुंहासे निकल आते हैं।
कैसे इस्तेमाल करें?
मुंहासों से राहत पाने के लिए आप सेब के सिरके में बराबर मात्रा में पानी मिलाएं और फिर रूई की मदद से इसे चेहरे पर लगाएं। फिर 15 मिनट बाद चेहरा धो लें। ऐसा रोजाना करें, आपको कुछ ही दिनों में फर्क दिखाई देने लगेगा।
2. रंग साफ करे
सेब के सिरके का इस्तेमाल रंग साफ करने के लिए भी किया जा सकता है। इसकी एसिडिक प्रवृति त्वचा के पीएच स्तर को संतुलित रखती है, जिससे आपकी त्वचा में निखार आता है।
कैसे इस्तेमाल करें?
इसे आप एस्ट्रिंजेंट के रूप में इस्तेमाल कर सकते हैं। सेब के सिरके को बराबर मात्रा में पानी में मिलाएं फिर रोजाना चेहरे पर लगाएं और 15 मिनट बाद धो लें।
3. फेस क्लींजर
सेब के सिरके का इस्तेमाल आप फेस क्लींजर के रूप में भी कर सकते हैं। इसे फेस क्लींजर के तौर पर इस्तेमाल करने से आपकी त्वचा तरोताजा हो सकती है।
कैसे इस्तेमाल करें?
आप सेब के सिरके में बराबर मात्रा में पीनी मिलाकर रख लें। फिर इसे रूई की मदद से फेस क्लींजर के रूप में इस्तेमाल करें। ध्यान रहे कि यह पानी आपकी आंखों में न जाए, इससे आपको आंखों में जलन हो सकती है।
बालों के लिए सेब के सिरके के फायदे – Hair Benefits of Apple Cider Vinegar in Hindi
त्वचा के लिए सेब के सिरके के फायदे जानने के बाद अब बारी आती है बालों के लिए एप्पल साइडर विनेगर के फायदे जानने की। नीचे हम इन्हीं के बारे में बताने जा रहे हैं :
1. मुलायम और खूबसूरत बाल
सेब के सिरके से आप मुलायम और खूबसूरत बाल प्राप्त कर सकते हैं। इसमें एसिटिक गुण होता है, जो शैंपू के कारण बालों पर चढ़ी केमिकल परत हटाने में मदद करता है। इससे आपके बाल प्राकृतिक रूप से खूबसूरत और मुलायम बनते हैं।
कैसे इस्तेमाल करें?
इसके लिए आप शैंपू के बाद सेब के सिरके में बराबर मात्रा में पानी मिलाएं और इस पानी से बाल धोएं। ऐसा करने से बाल मुलायम और खूबसूरत बनेंगे।
2. रूसी
डैंड्रफ से राहत पाने के लिए भी आप सेब के सिरके का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके एसिडिक गुण फंगस से लड़ते हैं, जिससे डैंड्रफ कम होने लगता है।
कैसे इस्तेमाल करें?
डैंड्रफ से राहत पाने के लिए स्प्रे की बोतल में यह सिरका और पानी बराबर मात्रा में मिलाएं और शैंपू करने के बाद इससे बालों पर स्प्रे करें। फिर करीब 15 मिनट बाद पानी से बाल धो लें। सप्ताह में दो से तीन बार ऐसा करें, आपको कुछ ही समय में असर दिखाई देगा।
सेब के सिरके का उपयोग – How to Use Apple Cider Vinegar in Hindi
आइए, अब जानते हैं कि आप सेब के सिरके का उपयोग और किस-किस तरह से कर सकते हैं। नीचे हम इसी बारे में बता रहे हैं :
- आप इसे टॉनिक के रूप में इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए आप कोई भी विटामिन-सी वाला जूस लें। फिर इसमें दो चम्मच सेब का सिरका डालकर मिलाएं और इसे पी लें।
- आप सेब के सिरके को सलाद के ऊपर छिड़कर भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
- वहीं, कुछ लोग कॉकटेल के रूप में भी सेब के सिरके का उपयोग करते हैं।
सेब के सिरके के नुकसान – Side Effects of Apple Cider Vinegar in Hindi
आपने सेब के सिरका के फायदे तो जान लिए, लेकिन इसके कुछ नुकसान भी हैं, जिनके बारे में आपको जानकारी होनी जरूरी है। नीचे हम इन्हीं नुकसान के बारे में बता रहे हैं :
- सेब के सिरके का इस्तेमाल ज्यादा नहीं करना चाहिए। इसमें एसिड होता है, इसलिए इसके ज्यादा सेवन से टूथ इनेमल या पेट की समस्याएं हो सकती हैं।
- इसे कभी सीधा त्वचा पर नहीं लगाना चाहिए। ऐसा करने से त्वचा पर जलन, रैशेज या खुजली हो सकती है। इसलिए, हमेशा इसे पानी, जूस व शहद आदि के साथ लेने की सलाह दी जाती है।
- इसमें एसिड होता है, जिसके चलते रक्त में पोटैशियम का स्तर कम हो सकता है।
- अगर आप मुंह के लिए सेब के सिरके का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो इस्तेमाल के बाद तुरंत सादे पानी से कुल्ला करना चाहिए। ऐसा न करने से दांत संवेदनशील हो सकते हैं।
- इसका ज्यादा सेवन हड्डियों को नुकसान पहुंचाता है। ऐसे में जिन्हें ऑस्टियोपोरोसिस (रीढ़ की हड्डी का रोग, जिसमें फ्रैक्चर का खतरा बढ़ जाता है) जैसी समस्या होती है, उन्हें सेब का सिरका इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।
अंत में हम यही कहेंगे कि अगर आप सेब के सिरके के फायदे उठाना चाहते हैं, तो इसका सही तरीके से इस्तेमाल करें और अपने स्वास्थ्य, बालों व त्वचा को बेहतर बनाएं। यह लेख आपको कैसा लगा नीचे कमेंट सेक्शन में हमें जरूर बताएं। इसके अलावा, अगर आप इसका किसी और तरीके से भी इस्तेमाल करते हैं, तो उस उपाय को हमारे साथ शेयर जरूर करें।
संबंधित आलेख
The post सेब के सिरके (एप्पल साइडर विनेगर) के 21 फायदे, उपयोग और नुकसान – Apple Cider Vinegar Benefits, Uses and Side Effects in Hindi appeared first on STYLECRAZE.